रामगढ़(ईएमएस)।पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ इकाई ने शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में मटका लेकर आक्रोश प्रदर्शन किया। इस आक्रोश प्रदर्शन में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा के साथ बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने भी शिरकत किया। इस मौके पर सैकड़ो की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बिजली पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों ने हिस्सा लिया जिसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। इस क्रम में रामगढ़ जिला भाजपा पार्टी के अध्यक्ष संजीव बावला के नेतृत्व में पीने के पानी की किल्लत और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर मटका लेकर नेशनल हाईवे-23 स्थित कोर्ट मोड़ से जिला समाहरणालय तक मार्च निकाला और वहीं पर मटका फोड़ कर आक्रोश व्यक्त किया गया। आक्रोश प्रदर्शन के दौरान “हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ” और “पानी-बिजली दो” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इस कार्यक्रम के प्रभारी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने भीषण गर्मी के बीच राज्य में उत्पन्न पेयजल संकट और बिजली व्यवस्था को लेकर हेमंत सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हर घर नल से जल योजना के लिए भेजी गई राशि का सही उपयोग नहीं किया गया और राज्य सरकार केवल केंद्र को बदनाम करने में लगी है।मौके पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मटका फोड़कर सोई हुई राज्य सरकार को जगाने का काम कर रहे हैं साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार अब भी नहीं जागी तो जनहित में आंदोलन और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपकर राज्य सरकार पर मोदी सरकार की नल-जल योजना को लटकाने और भटकाने का आरोप लगाया। ज्ञापन में कहा गया कि झारखंड में योजना कागजों पर लगभग 45 प्रतिशत पूरी दिखाई जा रही है, जबकि कई जिलों में स्थिति अत्यंत खराब है। भाजपा ने यह भी मांग की कि बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए साथ ही बढ़े हुए बिजली दर को वापस लिया जाए, जले ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदला जाए, फर्जी बिजली बिलों की जांच हो, बंद पड़े चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए, नल-जल योजना को शीघ्र पूरा किया जाए, पाइपलाइन वाले क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति हो और अस्पतालों और छात्रावासों में निर्बाध बिजली-पानी उपलब्ध कराई जाए। कर्मवीर सिंह/08मई/26