मण्डला (ईएमएस)। मंडला जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार शाम अक्षरधाम कॉलोनी के पीछे एक युवक का शव फेंसिंग पोल पर लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। मृतक की पहचान नकावल गांव निवासी राकेश भारतीय के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि राकेश लगभग पांच दिन पहले मजदूरी करने नागपुर जाने की बात कहकर घर से निकला था। गुरुवार को उसका शव बरामद हुआ। कोतवाली थाना प्रभारी शफीक खान ने बताया कि युवक का शव पार्शियल हैंगिंग की स्थिति में था और उसका निजी सामान भी घटनास्थल के पास ही पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, कोतवाली पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। ईएमएस / 08/05/2026