राज्य
08-May-2026
...


“नौकरी मांगने वालों पर लाठी, नेता पुत्रों को मंत्री पद”- तेजस्वी पटना, (ईएमएस)। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पटना स्थित राजद प्रदेश कार्यालय के कर्पूरी सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार की नई एनडीए सरकार और मंत्रिमंडल विस्तार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए और भाजपा ने परिवारवाद, भ्रष्टाचार और अपराध से जुड़े लोगों को मंत्रिमंडल में जगह देकर अपना “असल विजन” सामने रखा है। तेजस्वी यादव ने कहा कि छह महीने में बिहार में दो मुख्यमंत्री और चार उपमुख्यमंत्री बदले गए, जबकि सरकार गठन में ही आधा समय निकल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया कैबिनेट विस्तार में न तो विकास की सोच दिखाई दी और न ही सामाजिक व क्षेत्रीय संतुलन का ध्यान रखा गया। उन्होंने कहा कि बिना चुनाव लड़े और बिना किसी सदन के सदस्य बने कई “नेता पुत्रों” को मंत्री बना दिया गया। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि जब भाजपा परिवारवाद के खिलाफ बोलती थी, तो अब ऐसे मामलों पर चर्चा क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कैबिनेट में 17 मंत्री परिवारवादी राजनीति से जुड़े हैं। टी.आर.ई.-4 अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज का मुद्दा उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार ने साफ संदेश दिया है कि बिहार में जो भी नौकरी और रोजगार मांगेगा, उसकी आवाज लाठी के बल पर दबाई जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है। तेजस्वी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “शहजादे” वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अब भाजपा और जदयू को बताना चाहिए कि बिना चुनाव लड़े मंत्री बनने वाले लोग कौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार सरकार पूरी तरह मीडिया मैनेजमेंट और पीआर के सहारे चल रही है। राजद नेता ने कहा कि मंत्रिमंडल में कई जातियों और समुदायों को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया है तथा महिलाओं को भी 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है। तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद बिहार की जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष और आंदोलन चलाएगा तथा सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। संतोष झा- ०८ मई/२०२६/ईएमएस