राज्य
08-May-2026
...


:: स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर परखी व्यवस्थाएं, लापरवाहों को सुधार के लिए दी समय-सीमा :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण में इंदौर के नंबर वन के खिताब को बरकरार रखने के लिए निगम प्रशासन ने मैदानी मोर्चा संभाल लिया है। इसी कड़ी में निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 80 के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा कर स्वच्छता व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उनके साथ अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव सहित झोनल अधिकारी व स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद थी। निगम की टीम ने क्षेत्र में स्थित उद्यानों, वाटर बॉडीज, रहवासी क्षेत्रों और विशेष रूप से बैक लाइनों का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। निगमायुक्त ने कमर्शियल एरिया और ट्रांसपोर्ट हब जैसे सार्वजनिक स्थानों पर यूरिनल की सफाई और डस्टबिन की उपलब्धता को लेकर अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने आदर्श बैक लाइन की अवधारणा को और अधिक प्रभावी बनाने की बात कही ताकि रहवासी क्षेत्रों में स्वच्छता का स्तर बेहतर बना रहे। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सीएसआई और उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि वे डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और मिक्स वेस्ट के पृथक्करण पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि जो भी कमियां पाई गई हैं, उन्हें तत्काल प्रभाव से दूर कर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। इस अवसर पर झोनल अधिकारी हेमंत मिश्रा, सीएसआई विजय यादव, उपयंत्री अमित डोगरे, नवीन बुंदेला सहित टीम बेसिक्स के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रकाश/08 मई 2026