राज्य
08-May-2026
...


:: महानिर्वाणी पीठाधीश्वर स्वामी विशोकानन्द भारती के सानिध्य में साहित्य अकादमी निदेशक डॉ. विकास दवे देंगे प्रेरक उद्बोधन :: इंदौर (ईएमएस)। आद्य गौड़ ब्राह्मण सेवा न्यास की मेजबानी में रविवार 10 मई को विमानतल मार्ग स्थित विद्याधाम पर एक गरिमामय व्याख्यान का आयोजन किया जा रहा है। सायं 7.30 बजे से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का मुख्य विषय श्री परशुराम यशोगाथा - भगवान परशुराम और राष्ट्र आराधना रखा गया है। कार्यक्रम में महानिर्वाणी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानन्द भारती महाराज (बीकानेर-काशी-हरिद्वार-अहमदाबाद-कोलकाता) का पावन सानिध्य एवं मुख्य आतिथ्य प्राप्त होगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश शासन की साहित्य अकादमी के निदेशक डॉ. विकास दवे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर भगवान परशुराम के जीवन चरित्र और राष्ट्र भक्ति पर अपने ओजस्वी विचार व्यक्त करेंगे। न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा एवं महामंत्री सुरेश शर्मा काका ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि न्यास की ओर से प्रतिवर्ष भगवान परशुराम पर केंद्रित व्याख्यान आयोजित करने की एक नई और प्रासंगिक परंपरा शुरू की गई है। इसी श्रृंखला के अंतर्गत इस वर्ष डॉ. विकास दवे जैसे विद्वान वक्ता को आमंत्रित किया गया है, जो विप्र जनों और समाज बंधुओं को भगवान परशुराम के जीवन से जुड़े अनछुए पहलुओं और राष्ट्र आराधना के सिद्धांतों से अवगत कराएंगे। दिनेश शर्मा ने विशेष रूप से विप्र समाज से आग्रह किया है कि वे अपने आराध्य देव के प्रेरक और तथ्यात्मक चरित्र को समझने के इस दुर्लभ अवसर का लाभ उठाएं। आयोजन की तैयारियों को लेकर न्यास के पदाधिकारियों द्वारा व्यापक स्तर पर प्रबंध किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में जुटने वाले श्रोताओं के लिए समुचित बैठक व्यवस्था, शीतल पेयजल और वाहन पार्किंग के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यह आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि वर्तमान परिवेश में राष्ट्र निर्माण की अवधारणा में भगवान परशुराम के योगदान को समझने का एक बौद्धिक मंच भी सिद्ध होगा। प्रकाश/08 मई 2026