- पायलट ने विभाग पर लगाए गंभीर आरोप जबलपुर (ईएमएस)। बरगी बांध में हुए क्रूज हादसे की जांच के दौरान नए खुलासे सामने आ रहे हैं। कलेक्ट्रेट में बयान देने पहुंचे क्रूज पायलट महेश पटेल ने पर्यटन विभाग और प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि क्रूज के इंजन में खराबी की जानकारी पहले ही विभाग को दे दी गई थी, लेकिन सुधार करने के बजाय शिकायत करने वालों पर कार्रवाई की गई। पायलट के अनुसार अक्टूबर 2025 में मैकल रिसॉर्ट के तत्कालीन मैनेजर सुनील मरावी ने भोपाल स्थित पर्यटन विभाग को पत्र लिखकर बताया था कि क्रूज के एक इंजन की क्षमता कम हो गई है और दूसरा इंजन भी कभी भी बंद हो सकता है। इसके बावजूद तकनीकी खराबी दूर नहीं की गई। आरोप है कि शिकायत करने वाले मैनेजर को ही सस्पेंड कर दिया गया। महेश पटेल ने हादसे के बाद खुद पर लगे भागने के आरोपों को भी गलत बताया। उन्होंने कहा कि हादसे के समय तेज लहर के कारण वह खुद पानी में बह गए थे। पायलट का कहना है कि उन्होंने यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने के लिए कहा था, लेकिन कई लोगों ने इसे नजरअंदाज कर दिया। इधर, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा तिवारी ने इस मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है। याचिका में एसआईटी बनाकर पूरे मामले की जांच कराने और 60 दिन में रिपोर्ट पेश करने की मांग की गई है। वहीं बरगी विधायक नीरज सिंह ने जांच पूरी होने से पहले क्रूज को तोड़े जाने पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई सबूत मिटाने के उद्देश्य से की गई हो सकती है। उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। सुनील साहू / मोनिका / 08 मई 2026/ 06.26