नईदिल्ली(ईएमएस)। भारत सरकार ने देश की सैन्य कमान में एक बड़ा बदलाव करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि (रिटायर) को नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त करने का निर्णय लिया है। वे इस पद के साथ-साथ सैन्य मामलों के विभाग के सचिव की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले आदेश तक इस महत्वपूर्ण पद पर अपनी सेवाएं देंगे। वर्तमान सीडीएस जनरल अनिल चौहान 30 मई 2026 को अपना कार्यकाल पूरा कर रहे हैं, जिसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि उनकी जगह लेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि भारतीय सेना के एक बेहद अनुभवी और जांबाज अधिकारी माने जाते हैं। उनके शानदार करियर को देखते हुए उन्हें परम विशिष्ट सेवा पदक (पीवीएसएम), अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम), सेना पदक (एसएम) और विशिष्ट सेवा पदक (वीएसएम) जैसे प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्तमान में वे सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) में सैन्य सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं। इससे पहले वे थल सेना के उप-प्रमुख और सेंट्रल कमांड के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ जैसी अहम जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पद भारतीय सशस्त्र बलों—थल सेना, नौसेना और वायु सेना—के बीच बेहतर समन्वय और एकीकरण स्थापित करने के लिए बनाया गया सर्वोच्च सैन्य पद है। सीडीएस सरकार के प्रमुख सैन्य सलाहकार के रूप में कार्य करते हैं। जनरल अनिल चौहान के बाद, लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि के कंधों पर भारतीय रक्षा तंत्र को थिएटर कमांड के माध्यम से और अधिक आधुनिक, प्रभावी और एकीकृत बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी। उनकी यह नियुक्ति रक्षा क्षेत्र में जारी सुधारों को नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वीरेंद्र/ईएमएस/09मई 2026