- वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन अलर्ट कांकेर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ से एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें लगभग 35 युवतियों को झारखंड के गढ़वा जिले में बंधक बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है। इनमें से करीब 15 युवतियां कांकेर जिले की रहने वाली बताई जा रही हैं। जानकारी के अनुसार, ये सभी युवतियां नर्सिंग ट्रेनिंग और रोजगार के उद्देश्य से झारखंड गई थीं। शुरुआती रिपोर्टों में दावा किया गया है कि वहां एक संस्थान में ट्रेनिंग के दौरान उन्हें रोका गया और कथित रूप से कुछ वित्तीय लेनदेन या शुल्क पूरा न होने पर उनके वापस लौटने पर रोक लगाई गई। मामला तब सामने आया जब दुर्गूकोंदल क्षेत्र की एक युवती ने अपने गांव के युवक को वीडियो भेजकर मदद की गुहार लगाई। वीडियो में वह रोते हुए कहती नजर आ रही है कि उसके पास घर लौटने के लिए पैसे नहीं हैं और उसे वहां ठीक नहीं रखा जा रहा है। इसी वीडियो में एक महिला की आवाज भी सुनाई देती है, जिसमें कथित रूप से कहा जा रहा है कि “पैसा नहीं दिया है, इसलिए इन्हें नहीं जाने देंगे।” वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। कांकेर और झारखंड प्रशासन के बीच लगातार संपर्क बना हुआ है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ युवतियों के बालिग होने और स्वेच्छा से प्रशिक्षण या काम के लिए जाने की बात भी सामने आई है, लेकिन एक शिकायत बंधक बनाए जाने की भी दर्ज की गई है, जिसकी जांच की जा रही है। गढ़वा जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी है। इधर, स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता ललित नरेटी ने वीडियो के आधार पर सभी युवतियों को सुरक्षित वापस लाने की मांग की है और प्रशासन से त्वरित रेस्क्यू कार्रवाई की अपील की है। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि यह मामला वास्तव में बंधक बनाए जाने का है या फिर प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ा कोई विवाद। - ईएमएस / 09 मई 2026