राष्ट्रीय
09-May-2026
...


नई दिल्ली(ईएमएस)। मेवाड़ के महान राजपूत शासक और शौर्य के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर आज देश उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य प्रमुख नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से वीर शिरोमणि को याद करते हुए उनके त्याग और बलिदान को नमन किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में महाराणा प्रताप को वीरता और पराक्रम का अमर प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की आन-बान और शान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि महाराणा प्रताप का अदम्य साहस और अटूट स्वाभिमान आने वाली पीढ़ियों के हृदय में राष्ट्रभक्ति का दीप प्रज्वलित करता रहेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महाराणा प्रताप के संघर्षपूर्ण जीवन को याद करते हुए कहा कि उनका नाम भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा और स्वतंत्रता के प्रति उनका समर्पण आज भी युवाओं को राष्ट्र के सम्मान के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। वहीं, अन्य नेताओं ने भी उन्हें शौर्य और स्वाभिमान का अद्वितीय प्रतीक बताते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हमें कठिन परिस्थितियों में भी अपने मूल्यों पर अडिग रहने की सीख देता है। 16वीं शताब्दी में मेवाड़ के शासक रहे महाराणा प्रताप को मुगल साम्राज्य के खिलाफ उनके कड़े प्रतिरोध के लिए जाना जाता है। विशेष रूप से 1576 में हुए हल्दीघाटी के युद्ध में उनकी वीरता की गाथाएं आज भी भारतीय लोक संस्कृति और इतिहास का गौरव हैं। देश के विभिन्न हिस्सों में आज इस अवसर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें उनके महान व्यक्तित्व और आत्मनिर्भर भारत के उनके विजन को याद किया जा रहा है। उनका जीवन न केवल एक योद्धा की कहानी है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा और सांस्कृतिक गौरव को अक्षुण्ण रखने का एक जीवंत उदाहरण है। वीरेंद्र/ईएमएस/09मई 2026