क्षेत्रीय
09-May-2026
...


- महफिल-ए-मिलाद, शाही संदल और सूफियाना कव्वाली से सजेगा आयोजन जबलपुर (ईएमएस)। हाई कोर्ट के सामने स्थित हजरत सैय्यद ख़्वाजा अमीनुद्दीन चिश्ती रहमतुल्ला अलेह, कचहरी वाले बाबा की दरगाह में शनिवार से 5 दिवसीय उर्स का आयोजन शुरू हो रहा है। दरगाह परिसर में होने वाले इस उर्स को लेकर अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सज्जादानशीन बाबर खां बंदानवाजी एवं खादिम-ए-आला चंगेज खान अशरफी ने जानकारी देते हुए बताया कि 9 मई को रात्रि 9 बजे दरगाह में महफिल-ए-मिलाद शरीफ के साथ उर्स का आगाज़ किया जाएगा। इस अवसर पर सुल्तानुल वायजीन मौलाना सैय्यद हुसैन रब्बानी वाज व तकरीर पेश करेंगे। दरगाह को कौमी एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। यहां हर धर्म और समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचकर अकीदत के फूल पेश करते हैं। उर्स के दौरान हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोग एक साथ नजर आते हैं, जो आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहज़ीब की मिसाल पेश करता है। उर्स के तहत रविवार को अपरान्ह 3 बजे नया मोहल्ला स्थित मरहूम चाँद खां के मकान से पारंपरिक शाही संदल जुलूस निकाला जाएगा, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए दरगाह पहुंचेगा। इसके अलावा 11 मई को जनाब रफीक आफताब साबरी (दिल्ली) रात्रि 9 बजे से अपनी कव्वाली पेश करेंगे, जबकि 12 मई को जनाब नुसरत कादरी (कपासन राजस्थान) सूफियाना कव्वाली से महफिल को रौनक बख्शेंगे। उर्स में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन के पहुंचने की संभावना है। - 09 मई 2026/ 01.49