- किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें राजगढ़(ईएमएस)l जिले के प्रभारी मंत्री एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री मध्यप्रदेश शासन चेतन कश्यप ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में संचालित गेहूं उपार्जन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी केंद्रों पर परिवहन व्यवस्था को और अधिक गति दी जाए तथा उपार्जित गेहूं का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग गौतम टेटवाल, सांसद रोडमल नागर, विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, विधायक खिलचीपुर हजारीलाल दांगी, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जिला उपार्जन समिति के सदस्यगण उपस्थित रहे। प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि एसडीएम स्तर पर प्रतिदिन एक खरीदी केंद्र में 50 स्लॉट परिवर्तन किए जा सकते हैं। इस व्यवस्था की जानकारी किसानों तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सुविधा मिल सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने का आग्रह किया तथा उनके सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न हो, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री श्री कश्यप ने यह भी निर्देश दिए कि जिन वेयरहाउसों की क्षमता पूर्ण हो चुकी है, वहां संग्रहित गेहूं को अन्य स्थानों पर शिफ्ट कर शीघ्र नए स्थानों पर खरीदी कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि उपार्जन कार्य निर्बाध रूप से जारी रह सके। -निखिल/राजगढ़/9/5/2026