नई दिल्ली (ईएमएस)। भलस्वा डेयरी इलाके में गुरुवार शाम 16 साल के एक नाबालिग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि कुछ युवकों ने पहले भी उनके बेटों को जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत पुलिस से की गई थी लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि अगर पुलिस समय पर कदम उठाती तो शायद उनका बेटा आज जिंदा होता। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। मृतक की पहचान विशाल यादव के रूप में हुई है। विशाल अपने पैरंट्स और बहन के साथ भलस्वा डेयरी की झुग्गी कलंदर कॉलोनी में रहता था। नॉर्थ-वेस्ट जिले के डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे भलस्वा डेयरी थाना पुलिस को बाबू जगजीवन राम अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक नाबालिग को चाकू लगने के बाद अस्पताल लाया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने विशाल को मृत घोषित कर दिया था। विशाल को उसका एक दोस्त घायल हालत में अस्पताल लेकर पहुंचा था। डीसीपी ने बताया कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि विशाल अपने कुछ दोस्तों के साथ वहां गया था। इसी दौरान कुछ लड़कों से उसका विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम तंदूर वाली गली पहुंची, जहां हमला किया गया था। पुलिस ने मौके पर जांच की और क्राइम और फरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। नई दिल्ली/ईएमएस/09/ मई/2026