रायपुर (ईएमएस)। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा विधायक शकुंतला पोर्ते के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं सुशासन तिहार के मंच से सरकार के सुशासन के दावों की पोल खोल दी है। धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि विधायक शकुंतला पोर्ते ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर जनता के काम नहीं करने का आरोप लगाया तथा जनता के श्राप से घमंड टूटने जैसी बातें कही हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जनता ने अधिकारियों को नहीं, बल्कि भाजपा को चुनकर सरकार बनाने का अवसर दिया है, इसलिए व्यवस्था की विफलता की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में प्रदेश में “ट्रबल इंजन” की स्थिति बन गई है और लगभग हर विभाग में अव्यवस्था का माहौल है। कांग्रेस के अनुसार, जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है और इसकी वजह कमजोर प्रशासनिक नियंत्रण, भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी है। धनंजय सिंह ठाकुर ने सुशासन तिहार को “ढकोसला” बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष आयोजित कार्यक्रम में 44 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें राजस्व, पीडब्ल्यूडी, परिवहन, बिजली, जल संसाधन, नगरीय प्रशासन, पंचायत, कृषि और खाद्य विभाग से जुड़ी शिकायतें शामिल थीं। उनका आरोप है कि अधिकांश समस्याओं का अब तक निराकरण नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी जनता उन्हीं समस्याओं को लेकर सुशासन तिहार में पहुंच रही है, लेकिन मंच पर मौजूद मंत्री, विधायक और अधिकारी समाधान देने में असमर्थ दिखाई दे रहे हैं तथा एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यदि भाजपा विधायक स्वयं मान रही हैं कि अधिकारी जनता का काम नहीं कर रहे हैं, तो इसके लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का प्रशासन पर नियंत्रण नहीं है और प्रदेश में अराजकता का माहौल है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/09 मई 2026