राज्य
09-May-2026


- इलाज के दौरान हुई मौत, बाद में लगी जानकारी भोपाल(ईएमएस)। शाहजहांनबाद इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला का मंगलसूत्र चोरी हो गया। महिला को हार्ट अटैक आने के बाद इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, जहां उसी रात उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल कर्मचारियों पर मंगलसूत्र चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अशोक वर्मा (50) पिता स्वर्गीय अमर सिंह सीहोर जिले के शिकारपुर के रहने वाले हैं, और किसानी का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि कुछ महीनो पहले उनकी भाभी अनिता वर्मा को हार्ट अटैक आने पर एलबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद उन्हें घर ले जाया गया था, लेकिन 6 मई की रात करीब 11 बजे उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। इसके बाद उनके भाई रामचंद्र वर्मा और बहन नर्मदा बाई उन्हें इलाज के लिए दोबारा एलबीएस अस्पताल भोपाल लेकर पहुंचे। अस्पताल स्टॉफ अनिता वर्मा को आईसीयू वार्ड में ले गया था। उस समय उनके गले में सोने का मंगलसूत्र था, जिसमें सोने के दाने और कटोरीनुमा पेंडल लगा हुआ था। परिजनों का आरोप है कि आईसीयू में भर्ती करने के बाद जब सामान वापस दिया गया, तब मंगलसूत्र गायब था। उसी रात महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल स्टॉफ को तत्काल इसकी जानकारी दी थी। बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया की मामले में चोरी का प्रकरण दर्ज कर अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जा रहे है। जुनेद / 9 मई