09-May-2026
...


- पत्नी को स्कूल छोड़ने जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी नगर थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-8 स्थित संकट मोचन कॉलोनी निवासी 38 वर्षीय नटवर झा की शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जिस दिन उनका जन्मदिन था, वही दिन उनके परिवार के लिए काल दिवस बन गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और सदर अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार नटवर झा अपनी पत्नी आरती कुमारी, जो भौरघाट स्थित संस्कृत विद्यालय में शिक्षिका हैं, को रोज की तरह स्कूटी से विद्यालय छोड़ने जा रहे थे। सुबह करीब आठ बजे पंडौल थाना क्षेत्र के नवहथ गांव स्थित सरकारी विद्यालय के समीप सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रहे नटवर झा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सड़क के दूसरी ओर गिर गईं और उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टक्कर मारने वाले पिकअप वाहन को पकड़ लिया। पंडौल थाना पुलिस ने बीआर-07 जीए-7163 नंबर की पिकअप को जब्त कर लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया। मृतक के बड़े भाई एवं शिक्षक दिगंबर झा ने बताया कि शनिवार को नटवर झा का जन्मदिन था, लेकिन वही दिन उनकी जिंदगी का आखिरी दिन साबित हुआ। उन्होंने बताया कि नटवर प्रतिदिन अपनी पत्नी को स्कूल छोड़ने जाते थे और छुट्टी के बाद उन्हें वापस लेकर घर लौटते थे। नटवर झा अपने पीछे पत्नी, चार वर्ष की एक बेटी और एक वर्ष के बेटे को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से पूरे मोहल्ले और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव भैरवस्थान थाना क्षेत्र के नरुआर में होगा। (फोटो: सदर अस्पताल में नगर थाना के अधिकारी फर्द बयान दर्ज करते) कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०९ मई/२०२६/ईएमएस