- ग्रामीण हाट बाजार में मैंगो जत्रा शुरू; मुख्यमंत्री यादव ने चखा आमों के राजा का स्वाद इंदौर (ईएमएस)। इंदौर के आम प्रेमियों के लिए साल भर का इंतजार खत्म हो गया है। शहर के ग्रामीण हाट बाजार में 14 वर्षों से आयोजित हो रहा मैंगो जत्रा उत्सव शुरू हो चुका है। 10 मई तक चलने वाले इस महोत्सव में महाराष्ट्र के रत्नागिरी और देवगढ़ का विश्व प्रसिद्ध हापुस (अल्फांसो) मुख्य आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। तटीय हवाओं और लाल मिट्टी में पके इस बेशकीमती आम की खुशबू इतनी अनोखी है कि लोग दूर से ही इसकी ओर खिंचे चले आ रहे हैं। :: 500 से 1500 रुपये प्रति दर्जन तक भाव :: इस वर्ष फसल कम होने के कारण हापुस के दाम पिछले साल की तुलना में कुछ अधिक हैं। गुणवत्ता और आकार के अनुसार यह 500 से लेकर 1500 रुपये प्रति दर्जन के भाव पर बिक रहा है। छोटे साइज के हापुस दो दर्जन 500 रुपये में भी उपलब्ध हैं। दुकानदारों का दावा है कि ये आम पूरी तरह प्राकृतिक रूप से पेड़ पर पके हुए हैं और इनमें किसी भी प्रकार के केमिकल का उपयोग नहीं किया गया है। :: मुख्यमंत्री ने सराहा किसानों का प्रयास :: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी इस उत्सव का आनंद लेने पहुंचे। उन्होंने आम उत्पादकों से चर्चा कर हापुस की विशेषताओं की जानकारी ली और स्वयं भी इसे खाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार किसान कल्याण वर्ष मना रही है और दुनिया भर में प्रसिद्ध हापुस का मालवा की धरती पर उपलब्ध होना गर्व की बात है। :: क्यों खास है रत्नागिरी का हापुस? हापुस आम अपने बेहद मुलायम, क्रीमी गूदे और छोटी गुठली के लिए जाना जाता है। पकने के बाद इसका रंग सुनहरा पीला और हल्का केसरिया हो जाता है। मार्च से जून के सीमित समय के लिए उपलब्ध होने वाले इस आम की मांग अमेरिका, जापान और दुबई जैसे देशों में भी रहती है। रत्नागिरी की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण इसका स्वाद दुनिया के अन्य किसी भी क्षेत्र के आम से अलग और श्रेष्ठ माना जाता है। प्रकाश/09 मई 2026