09-May-2026
...


जबलपुर (ईएमएस)। स्वास्थ, राजस्व, लोक स्वास्थ यांत्रिकी , शिक्षा विभाग ,लोक निर्माण विभाग के साथ ही जबलपुर के अनेक कार्यालयों के सैकड़ो कर्मचारियों को 3 माह का वेतन नहीं मिला है, तनख़ाह ना मिलने के कारण अल्प आय वाले यह कर्मी आर्थिक रूप से भारी परेशान है, संबंधित विभाग के अधिकारी आउट सोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों से शासकीय कार्य तो संपादित करा रहे हैं लेकिन वेतन देने का रास्ता नहीं निकाल रहे। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने बताया है कि कम्प्यूटर आपरेटरो को वेतन ना मिलने के कारण परेशानियों का सामना करना पड रहा है , बच्चों के स्कूलों की फीस जमा नहीं हो पाई है, कॉपी किताबों की उधारी पटाना है, स्कूल के वाहनों के पैसे देना है, शादी विवाह में शामिल नहीं हो पा रहे, कुछ कर्मचारियों के परिजनों को मंहगी दवाइयां प्रति दिन लेना पड़ती है वह भी उधार ले रहे हैं। कार्यालयों में पदस्थ कॉप्यूटर ऑपरेटरों की उपस्थिति प्रतिमाह निर्धारित समय पर संबंधित ठेके कंपनी को ई-मेल के माध्यम से प्रेषित कर दी जाती है किन्तु संबंधित एजेन्सी द्वारा समय पर भुगतान नहीं किया जाता है। अटल उपाध्याय ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से इन कर्मचारियों को स्वयं के द्वारा अग्रिम राशि देने सलाह दी है। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने आरोप लगाया है कि ठेका कंपनी प्रतिमाह वेतन का भुगतान नहीं करती है,जिले में निर्धारित कलेक्टर रेट की मजदूरी के बराबर भी इन्हें वेतन नहीं दिया जा रहा है, वहीं बिना भुगतान के निर्धारित समय से अधिक समय तक इनसे शासकीय कार्य कराया जा रहा है। आज यदि आउट सोर्स कॉप्यूटर ऑपरेटरों द्वारा कार्य नहीं किया जाएगा तो विभागों के जरूरी कार्य ही बंद हो जाएंगे। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय, जिला सचिव देवेंद्र पचौरी, कोषाध्यक्ष आलोक अग्निहोत्री, तपन मोदी, सुनील पचौरी, अर्जुन सोमवंशी, नरेश शुक्ला, योगेन्द्र मिश्रा, बृजेश मिश्रा, अरुण पटेल, राजू मस्के, बिपिन शर्मा, राम शंकर शुक्ला , विनय नामदेव, सतीश उपाध्याय, नेतराम झारियां ,रवि बांगड़, सुशील गुप्ता, राजाराम डेहरिया ने जिले के समस्त कार्यालयों में कार्यरत समस्त कंप्यूटर ऑपरेटर को तत्काल लंबित समस्त माहों के वेतन भुगतान करने की मांग की है। सुनील साहू / शहबाज/ 09 मई 2026/ 08.00