अंतर्राष्ट्रीय
10-May-2026


बालेन सरकार ने सख्त किया नियम काठमांडु(ईएमएस)। नेपाल की बालेन सरकार ने सीमा सुरक्षा और नागरिकों की पहचान को पुख्ता करने के उद्देश्य से एक बड़ा निर्णय लिया है। अब भारत से नेपाल में प्रवेश करने वाले प्रत्येक भारतीय नागरिक के लिए आधिकारिक पहचान पत्र रखना अनिवार्य कर दिया गया है। यह नियम केवल नेपाल में प्रवेश के लिए ही नहीं, बल्कि नेपाल से भारत की ओर आने वाले लोगों पर भी समान रूप से लागू होगा। इस नई व्यवस्था के तहत वैध सरकारी पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य होगा, जिसमें सरकार द्वारा जारी फोटोयुक्त परिचय पत्र शामिल हैं। नेपाल के स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए सीमा पार करने के लिए पहचान पत्र दिखाना अब अनिवार्य प्रक्रिया का हिस्सा है। हालांकि, इस फैसले का सीमावर्ती क्षेत्रों में विरोध भी शुरू हो गया है। बहराइच से सटी नेपाल की सीमा पट्टी पर रहने वाले मधेशी समुदाय के लोगों में इस सख्ती को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। नेपाली आर्म्ड पुलिस फोर्स की पूछताछ और जांच के नाम पर बढ़ती कड़ाई ने जमुनहा जैसे गांवों में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।इस सख्ती का एक मुख्य कारण चीनी नागरिकों की घुसपैठ की बढ़ती आशंका भी है। हाल ही में अररिया के जोगबनी बॉर्डर से एक चीनी नागरिक को बिना वैध दस्तावेजों के भारत में प्रवेश करते हुए पकड़ा गया था, जो नेपाली नंबर की स्कूटी से सीमा पार कर रहा था। इस घटना के बाद सीमा सुरक्षा बल और बिहार के सीमावर्ती जिलों की पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। बेतिया, सीतामढ़ी, और मधुबनी जैसे जिलों में होटलों और लॉज की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर लगाम कसी जा सके। इस नए नियम के लागू होने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। शनिवार को जोगबनी स्थित भारत-नेपाल सीमा पर इस व्यवस्था का व्यापक असर देखने को मिला। पहचान पत्रों की सघन जांच के चलते सीमा पर वाहनों और पैदल यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। विशेषकर कोलकाता जैसी लंबी दूरी की ट्रेनों से जोगबनी पहुंचने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। नेपाल पुलिस के जवान हर आने-जाने वाले व्यक्ति के दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रहे हैं और जिनके पास वैध पहचान पत्र नहीं मिल रहा, उन्हें तत्काल सीमा से वापस लौटाया जा रहा है। वीरेंद्र/ईएमएस/10मई 2026