अंतर्राष्ट्रीय
10-May-2026


तीन की मौत, 15 पुलिसकर्मियों के मरने की आशंका इस्लामाबाद(ईएमएस)।पाकिस्तान के अशांत उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में शनिवार देर रात आतंकवादियों ने सुरक्षा व्यवस्था को निशाना बनाते हुए एक भीषण हमला किया। आतंकवादियों ने एक सुरक्षा चेकपोस्ट पर आत्मघाती हमला करने के साथ-साथ भारी गोलीबारी की, जिसमें कम से कम 3 पुलिस अधिकारियों की मौत हो गई। जबकि 15 के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। यह हमला इतना जबरदस्त था कि धमाके के कारण सुरक्षा चौकी की इमारत पूरी तरह ढह गई और आसपास के रिहायशी इलाकों में भी काफी नुकसान पहुंचा है। सुरक्षा सूत्रों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने एक सुनियोजित रणनीति के तहत पहले बारूद से भरी एक कार को चेकपोस्ट के पास ले जाकर उड़ा दिया। इस आत्मघाती धमाके के तुरंत बाद हथियारबंद आतंकी परिसर में घुस गए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में पहली बार आतंकियों द्वारा ड्रोन के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है, जिसने सुरक्षा बलों को चौंका दिया। जब अतिरिक्त पुलिस बल और कुमुक घटनास्थल पर मदद के लिए पहुंचे, तो पहले से घात लगाए बैठे आतंकियों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ गई। घटना के तत्काल बाद पूरे बन्नू जिले के अस्पतालों में इमरजेंसी घोषित कर दी गई है। मलबे और गोलीबारी में घायल हुए लोगों को एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुँचाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रभावित इलाके में अभी भी सर्च ऑपरेशन जारी है। तबाही का वास्तविक आकलन अभियान पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही संभव हो पाएगा। इस हमले की जिम्मेदारी इत्तेहाद-उल-मुजाहिदीन नामक आतंकी गुट ने ली है। अफगानिस्तान सीमा से सटे इस इलाके में हुए हमले ने एक बार फिर क्षेत्रीय सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच कूटनीतिक तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। पाकिस्तान लगातार काबुल पर आतंकियों को सीमा पार पनाह देने का आरोप लगाता रहा है, जबकि अफगान तालिबान इन दावों को खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान का आंतरिक सुरक्षा मामला करार देता है। वीरेंद्र/ईएमएस/10मई 2026