व्यापार
10-May-2026


- श्रम विभाग ने 20 साल पुराने नियमों में संशोधन का प्रस्ताव दिया नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका में नौकरी करने का सपना देखने वाले विदेशी पेशेवरों, खासकर भारतीयों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। अमेरिकी सरकार ने एच1बी वीजा नियमों में एक बड़ा बदलाव प्रस्तावित किया है, जिसके तहत विदेशी कर्मचारियों के लिए न्यूनतम वेतन में लगभग 30 फीसदी तक की वृद्धि का प्रस्ताव है। यह कदम 20 साल पुराने वेतन स्तरों को अपडेट करने और अमेरिकी श्रमिकों के वेतन पर पड़ने वाले दबाव को कम करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अमेरिकी श्रम विभाग द्वारा 27 मार्च को जारी इस प्रस्ताव में एंट्री-लेवल से लेकर सबसे अनुभवी तक चार श्रेणियों में न्यूनतम वेतन बढ़ाने की बात कही गई है। सरकार का तर्क है कि मौजूदा कम वेतन स्तर कंपनियों को विदेशी कर्मचारियों को सस्ते में रखने के लिए प्रोत्साहित करता है, जिससे स्थानीय अमेरिकी श्रमिकों की नौकरी और वेतन प्रभावित होता है। चूंकि एच1बी वीजा का सबसे ज्यादा लाभ भारतीय पेशेवरों को मिलता है, इसलिए इस नियम से उन पर सीधा असर पड़ सकता है। वेतन बढ़ने से कंपनियां भारतीय पेशेवरों की जगह अमेरिकी कर्मचारियों को प्राथमिकता दे सकती हैं। इस प्रस्ताव पर मिली-जुली प्रतिक्रिया है; कुछ इसे अमेरिकी श्रमिकों के लिए फायदेमंद बता रहे हैं, तो वहीं कई कंपनियों का मानना है कि इससे छोटी फर्मों के लिए नए टैलेंट को हायर करना मुश्किल होगा। सरकार ने 26 मई तक जनता से इस पर सुझाव मांगे हैं। सतीश मोरे/10मई ---