- विदेशी असर से खाद्य तेल बाजार में उठापटक, किसानों को अच्छे दाम से सोयाबीन रकबा बढ़ने की उम्मीद नई दिल्ली (ईएमएस)। बीते सप्ताह विदेशी बाजारों में खाद्य तेलों के दाम टूटने के बीच देश के तेल-तिलहन बाजार में मिलाजुला रुझान देखने को मिला। जहां सोयाबीन तेल, कच्चे पामतेल (सीपीओ) और पामोलीन तेल के दाम गिर गए, वहीं कम उपलब्धता और स्थानीय मांग के चलते सोयाबीन तिलहन और बिनौला तेल में सुधार दर्ज किया गया। महत्वपूर्ण बात यह है कि विदेशी बाजारों में नरमी के बावजूद सरसों और मूंगफली तेल-तिलहन के दाम स्थिर बने रहे। बाजार विशेषज्ञों के अनुसा सोयाबीन डीगम तेल का दाम बीते सप्ताह 1,345-1,350 डॉलर प्रति टन से घटकर 1,300-1,305 डॉलर प्रति टन पर आ गया, जिसका सीधा असर घरेलू सोयाबीन, सीपीओ और पामोलीन तेलों पर पड़ा। हालांकि, गर्मी में पाम-पामोलीन की औद्योगिक मांग ने इसकी कीमतों में अत्यधिक गिरावट को कुछ हद तक सीमित रखा। इसके विपरीत सोयाबीन के कम स्टॉक और सोयाबीन खल (डीओसी) की मजबूत स्थानीय मांग से सोयाबीन तिलहन के दामों में सुधार आया। इसी तरह, बिनौला तेल भी सीमित उपलब्धता के कारण मजबूत हुआ। आयातित तेलों की नरमी के बावजूद सरसों एवं मूंगफली तेल-तिलहन की कीमतें पिछले सप्ताहांत के स्तर पर स्थिर रहीं। जानकारों का कहना है कि सरकार को मूंगफली के लिए बाजार विकसित करने और खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता बढ़ाने हेतु सख्त कदम उठाने होंगे। किसानों को सोयाबीन के अच्छे दाम मिलने से इस बार इसके रकबे में वृद्धि की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि बीते सप्ताह सरसों दाना 7,000-7,025 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों तेल 14,350 रुपये प्रति क्विंटल, सरसों पक्की और कच्ची घानी तेल क्रमश: 2,400-2,500 रुपये और 2,400-2,545 रुपये टिन (15 किलो) पर स्थिर रुख लिए बंद हुआ।समीक्षाधीन सप्ताह में सोयाबीन दाना और सोयाबीन लूज का थोक भाव क्रमश: 425-425 रुपये के सुधार के साथ क्रमश: 6,950-7,000 रुपये और 6,600-6,675 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।दूसरी ओर, दिल्ली में सोयाबीन तेल 325 रुपये की गिरावट के साथ 15,675 रुपये प्रति क्विंटल, सोयाबीन इंदौर तेल 275 रुपये की गिरावट के साथ 15,575 रुपये और सोयाबीन डीगम तेल 300 रुपये की गिरावट के साथ 12,250 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। बीते सप्ताहांत मूंगफली तिलहन 6,650-7,125 रुपये क्विंटल, मूंगफली तेल गुजरात 15,750 रुपये क्विंटल और मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 2,500-2,800 रुपये प्रति टिन पर स्थिरता के रुख के साथ बंद हुआ।समीक्षाधीन सप्ताह में सीपीओ तेल का दाम 25 रुपये की गिरावट के साथ 13,625 रुपये प्रति क्विंटल, पामोलीन दिल्ली का भाव 50 रुपये घटकर 15,400 रुपये प्रति क्विंटल तथा पामोलीन एक्स कांडला तेल का भाव भी 25 रुपये की गिरावट के साथ 14,275 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। बिनौला तेल का दाम 150 रुपये के सुधार के साथ 15,250 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ। सतीश मोरे/10मई ---