क्षेत्रीय
10-May-2026
...


0 रेलवे साइडिंग के लिए अलग सडक़ मार्ग बनाने का भी रखा प्रस्ताव बिलासपुर (ईएमएस)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक से मुलाकात कर बिल्हा विधानसभा क्षेत्र से जुड़े रेल सुविधाओं एवं जनहित के विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। यह मुलाकात बिल्हा रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना में चयनित होने के बाद महाप्रबंधक के निरीक्षण दौरे के दौरान हुई। विधायक कौशिक ने बिल्हा रेलवे स्टेशन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नए फुट ओवर ब्रिज निर्माण और निर्माणाधीन अंडर ब्रिज कार्य को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। साथ ही दाधापारा-परसदा रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर ब्रिज निर्माण की आवश्यकता बताते हुए सुरक्षित और सुगम आवागमन की मांग की। विधायक कौशिक ने कहा कि रेलवे और शासन के बेहतर समन्वय से क्षेत्र के विकास को नई गति मिल सकती है। कोरोना में बंद ट्रेन फिर से करें बहाल विधायक कौशिक ने रेलवे जीएम से कहा कि कोरोना काल में बंद किए गए ट्रेनों के स्टॉपेज को पुन: शुरू करने और नई ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई। इसमें दुर्ग-अंबिकापुर एक्सप्रेस, कोरबा-विशाखापट्टनम लिंक एक्सप्रेस, दुर्ग-दानापुर साउथ बिहार एक्सप्रेस और रायगढ़-गोंदिया जनशताब्दी एक्सप्रेस प्रमुख रूप से शामिल हैं। साइडिंग के लिए रेलवे बनाए अलग मार्ग विधायक कौशिक ने बिल्हा रेलवे साइडिंग के लिए अलग सडक़ मार्ग निर्माण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने मोहभट्टा रेलवे फाटक से रेलवे साइडिंग तक नया मार्ग बनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि इससे जाम, धूल और दुर्घटना जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। महाप्रबंधक ने सभी मांगों पर सकारात्मक पहल और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। मनोज राज 10 मई 2026