क्षेत्रीय
10-May-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिला आरक्षण बिल को लेकर शुक्रवार को शिकोहाबाद में सियासी पारा चढ़ गया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सपा सांसद अक्षय यादव के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। भाजपा महिला मोर्चा का आरोप है कि समाजवादी पार्टी नारी शक्ति वंदन योजना और महिला आरक्षण बिल का विरोध कर रही है। इसी के चलते महिला मोर्चा ने सांसद आवास का घेराव कर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने सपा पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की। घेराव के दौरान माहौल तनावपूर्ण होने के बावजूद सपा कार्यकर्ताओं की ओर से मानवीय पहल देखने को मिली। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर रही भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के लिए पीने के पानी की व्यवस्था कराई। हालांकि, भाजपा की किसी भी प्रदर्शनकारी महिला ने पानी नहीं पिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस प्रशासन पूरे प्रदर्शन के दौरान मुस्तैद दिखा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। भाजपा नेताओं का कहना है कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं को सम्मान दे रही है, लेकिन विपक्ष महिला सशक्तिकरण पर भी राजनीति कर रहा है। ए. शर्मा,ईएमएस फिरोजाबाद