0 खिलाडिय़ों व खेल प्रेमियों में खुशी की लहर 0 समीर दाद के मार्गदर्शन में भोपाल अकादमी में ले रहे प्रशिक्षण बिलासपुर (ईएमएस)। शहर के युवा खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का चयन अंडर-18 भारतीय हॉकी टीम में हुआ है। अवि अब 15 मई से भोपाल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आयोजित होने वाली पांच टेस्ट मैचों की द्विपक्षीय श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन की खबर मिलते ही बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के हॉकी जगत में उत्साह का माहौल है। बिलासपुर की धरती से निकलकर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचे अवि ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह मुकाम हासिल किया है। स्थानीय प्रतियोगिताओं से शुरुआत करने वाले अवि ने सब जूनियर और जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। हॉकी बिलासपुर के अध्यक्ष रोहित बाजपेयी ने इसे प्रदेश हॉकी के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। शहर के कई कोचों ने किया है प्रशिक्षित अवि की सफलता में छत्तीसगढ़ हॉकी संगठन और उनके कोचों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अध्यक्ष फिरोज अंसारी और महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव के साथ कोच राजेश हेनरी, हरिशंकर हेटा, मृणाल चौबे, अनुराग श्रीवास्तव और अमिताभ मानिकपुरी ने लगातार उनका मार्गदर्शन किया। उनके माता-पिता जितेंद्र मानिकपुरी और शशिकला मानिकपुरी ने भी हर कदम पर सहयोग दिया। भोपाल में ओलंपियन समीर से सीख रहे दांव-पेंच वर्तमान में अवि मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी भोपाल में प्रशिक्षण ले रहे हैं, जहां ओलंपियन समीर दाद उन्हें प्रशिक्षित कर रहे हैं। समीर दाद ने कहा कि अवि में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनने की क्षमता है। शहर में प्रशिक्षण लेने के बाद अब राष्ट्रीय स्तर की अकादमी में अवि हॉकी की बारीकियां सीख रहे हैं। मनोज राज 10 मई 2026