क्षेत्रीय
10-May-2026
...


- बिना टिकट यात्रा के 1162 मामलों में सबसे अधिक कार्रवाई - अनियमित टिकट, लगेज और गंदगी फैलाने वालों पर भी जुर्माना बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने टिकट चेकिंग अभियान में नया रिकॉर्ड बनाया है। मंडल के वाणिज्य विभाग द्वारा चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान में एक ही दिन में 14 लाख 53 हजार 645 रुपये की रिकॉर्ड जुर्माना वसूली की गई। यह मंडल में अब तक की प्रतिदिन की सर्वाधिक वसूली बताई जा रही है। प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक के आदेशानुसार एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में अधिकारियों और कर्मचारियों ने विभिन्न ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 2147 मामलों में कार्रवाई की गई। इससे पहले 3 मई 2026 को 2112 मामलों में 14 लाख 28 हजार 542 रुपये की वसूली हुई थी। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें तथा रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। - बिना टिकट 1162 यात्रियों से 9,72,535 रुपये वसूले रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिना टिकट यात्रा करने वाले 1162 मामलों से 9 लाख 72 हजार 535 रुपये वसूले गए। वहीं अनियमित टिकट के 683 मामलों से 3 लाख 67 हजार 245 रुपये, बिना बुक लगेज के 40 मामलों से 4 हजार 280 रुपये तथा टिकट श्रेणी परिवर्तन के 246 मामलों से 1 लाख 7 हजार 935 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा गंदगी फैलाने के 16 मामलों में 1 हजार 650 रुपये की कार्रवाई की गई। - 10 मई 2026