राष्ट्रीय
10-May-2026
...


-दिल्ली पुलिस का दावा- मंदिर, ढाबा और सैन्य कैंप की रेकी कर पाकिस्तान भेजी तस्वीरें नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े होने के आरोप में मध्यप्रदेश के तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर, दिल्ली-सोनीपत हाईवे के एक ढाबे और हरियाणा स्थित सैन्य कैंप को निशाना बनाने की साजिश रच रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टीकमगढ़ निवासी अनमोल राय, ग्वालियर के डबरा निवासी राजवीर और विवेक बंजारा के रूप में हुई है। तीनों को उनके गांवों से गिरफ्तार कर दिल्ली ले जाया गया। स्पेशल सेल के अनुसार आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संदिग्ध ई-मेल, ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड मिले हैं। जांच में सामने आया कि उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजे थे। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को दिल्ली के एक ऐतिहासिक मंदिर और वहां तैनात सुरक्षाबलों की रेकी करने का काम सौंपा गया था। इसके अलावा दिल्ली-सोनीपत हाईवे के एक मशहूर ढाबे पर ग्रेनेड हमला करने और हरियाणा के हिसार स्थित सैन्य कैंप की जानकारी जुटाने की भी योजना थी। यह खुलासा दिल्ली पुलिस के ‘गैंग बस्ट ऑपरेशन 2.0’ के दौरान हुआ, जिसमें विभिन्न राज्यों से कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस अब मॉड्यूल की फंडिंग और सीमा पार संपर्कों की जांच कर रही है। हिदायत/ईएमएस 10मई26