* सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम 11 मई को करेगी रोमांचक हवाई करतब, चेतक हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा अहमदाबाद (ईएमएस)| सौराष्ट्र की पावन धरा पर स्थित सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित “सोमनाथ अमृतपर्व-2026” के तहत भव्य उत्सव मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर 11 मई को भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध ‘सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम’ (एसकेएटी) मंदिर के आकाश में अद्भुत हवाई करतबों का प्रदर्शन करेगी। रविवार सुबह टीम द्वारा किए गए रिहर्सल के दौरान साहसिक उड़ानों और आकर्षक फॉर्मेशन को देखकर उपस्थित श्रद्धालु एवं पर्यटक रोमांचित हो उठे। लोगों ने जोरदार तालियों और हर्षनाद के साथ एयरफोर्स के पायलटों का अभिनंदन किया। सूर्यकिरण टीम के विंग कमांडर जनमीत शर्मा के अनुसार, भारतीय वायुसेना के एम्बेसडर के रूप में प्रसिद्ध यह टीम लाल और सफेद रंग के हॉक एम.के.-132 जेट विमानों के माध्यम से आकाश में विभिन्न सिंक्रोनाइज्ड फॉर्मेशन और साहसिक हवाई दांवपेंच प्रस्तुत करेगी। लगभग 15 मिनट तक चलने वाले इस एयर शो में पायलट अत्यंत कम दूरी पर फाइटर जेट उड़ाने की अपनी अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। यह टीम जामनगर एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरकर मात्र 18 मिनट में सोमनाथ पहुंचेगी। जामनगर और सोमनाथ के बीच हवाई दूरी लगभग 182 किलोमीटर है। ग्रुप कैप्टन अजय दशरथी के नेतृत्व में 13 कुशल पायलट इस प्रदर्शन में भाग लेंगे। कार्यक्रम के सुरक्षित संचालन के लिए जामनगर एयरफोर्स स्टेशन के 25 से 30 एयर वॉरियर्स की विशेष टीम तैनात रहेगी। यह टीम फ्लायपास्ट कंट्रोल, एविएशन सेफ्टी, बर्ड हैजर्ड कंट्रोल, मौसम प्रबंधन तथा सिग्नल कम्युनिकेशन जैसी जिम्मेदारियां संभालेगी। वर्ष 1996 में स्थापित सूर्यकिरण टीम अब तक भारत में 800 से अधिक एयर डिस्प्ले कर चुकी है। इसके अतिरिक्त चीन, श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, सिंगापुर और यूएई सहित कई देशों में भारतीय वायुसेना का प्रतिनिधित्व कर वैश्विक प्रशंसा प्राप्त कर चुकी है। टीम द्वारा उपयोग किए जाने वाले हॉक एम.के.-132 विमान भारत में हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल)द्वारा निर्मित हैं। इस बार के प्रदर्शन का मुख्य आकर्षण स्वदेशी तकनीक से तैयार स्मोक पॉड्स होंगे। नासिक स्थित वायुसेना के बेस रिपेयर डिपो द्वारा विकसित इन पॉड्स की सहायता से विमान आकाश में केसरिया, सफेद और हरे रंग का धुआं छोड़कर भारतीय तिरंगे की आकर्षक आकृति बनाएंगे। ‘सदैव सर्वोत्तम’ के ध्येय वाक्य के साथ कार्यरत सूर्यकिरण टीम के पायलट मात्र पांच मीटर से भी कम दूरी पर विमान उड़ाकर अनुशासन, समन्वय और साहस का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करेंगे। रिहर्सल के दौरान सोमनाथ की धर्मभूमि पर श्रद्धा, राष्ट्रभक्ति और सैन्य शक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। * चेतक हेलिकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा “सोमनाथ अमृतपर्व-2026” के अवसर पर 11 मई की सुबह भारतीय वायुसेना के चेतक हेलिकॉप्टर द्वारा सोमनाथ ज्योतिर्लिंग मंदिर पर विशेष पुष्पवर्षा की जाएगी। हेलिकॉप्टर मंदिर परिसर के ऊपर से उड़ान भरते हुए पुष्पों की वर्षा करेगा, जिससे आस्था और शौर्य का भव्य संगम साकार होगा। यह विशेष मिशन भी जामनगर एयरफोर्स स्टेशन से संचालित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि यह हेलिकॉप्टर यूनिट केवल औपचारिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि सर्च एंड रेस्क्यू, मेडिकल इवैक्यूएशन तथा आपदा राहत अभियानों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। गौरतलब है कि इस यूनिट द्वारा पूर्व में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर एकता दिवस के अवसर पर भी भव्य पुष्पवर्षा की जा चुकी है। इस प्रकार भारतीय वायुसेना का यह यूनिट देश की सुरक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और राष्ट्रीय आयोजनों में भी सक्रिय योगदान दे रहा है। सतीश/10 मई