राज्य
11-May-2026


पटना, (ईएमएस)। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने आईएएस अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार से संबंधित एक शुद्धि-पत्र जारी किया है। इस अधिसूचना के तहत 10 मई को जारी तबादला एवं पदस्थापन आदेश में आंशिक संशोधन करते हुए कुछ अधिकारियों के अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया गया है। यह आदेश राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है। जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2007 बैच के आईएएस अधिकारी जय सिंह, जो वर्तमान में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव हैं, उन्हें वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। इससे पहले 10 मई 2026 को जारी अधिसूचना संख्या 8168 एवं ज्ञापांक 8172 के तहत उन्हें यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी। संशोधित आदेश के बाद अब वे केवल राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव पद का दायित्व संभालेंगे। वहीं, वर्ष 2008 बैच के आईएएस अधिकारी प्रणव कुमार को सचिव, भवन निर्माण विभाग, बिहार, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। साथ ही उन्हें सचिव, कला एवं संस्कृति विभाग, जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग तथा प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम, पटना का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। हालांकि, सरकार ने उन्हें बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया है। शुद्धि-पत्र में स्पष्ट किया गया है कि बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, पटना के प्रबंध निदेशक पद का प्रभार वर्ष 2019 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार अनुराग के पास पूर्ववत बना रहेगा। यानी अब भवन निर्माण निगम की जिम्मेदारी पूरी तरह कुमार अनुराग ही संभालेंगे। संतोष झा- ११ मई/२०२६/ईएमएस