नई दिल्ली (ईएमएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद उसमें शामिल रहे साथियों को लेकर भावुक नजर आये। इस मैच में क्रुणाल की शानदार पारी ही मुम्बई टीम की हार का कारण बनी है। मैच के बाद क्रुणाल ने अपने पुराने साथियों विशेषकर कीरोन पोलार्ड को याद किया। इस दौरान वह भावुक नजर आयें। क्रुणाल ने इस मैच में आरसीबी की ओर से 73 रनों की पारी खेली थी। जिससे आरसीबी ने दो विकेट पर ही 167 रनों का लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया था। इस हार के साथ ही मुंबई इंडियंस टूर्नामेंट से बाहर हो गयी। जिससे क्रुणाल को निराशा हुई क्योंकि उन्होंने साल 2016 से 2021 तक मुंबई इंडियंस की ओर से छह सत्र खेले थे। इस दौरान उन्होंने तीन आईपीएल खिताब जीते और टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में से एक बन गए। अपनी पूर्व टीम को हराने के बाद, क्रुणाल ने पोलार्ड के साथ अपनी दोस्ती को याद किया। मैच के बाद उन्होंने भावुक होकर कहा, पोलार्ड मेरे बड़े भाई की तरह हैं। मैंने मुंबई इंडियंस में अपने सबसे अच्छे छह साल बिताए हैं। मुझे याद है कि पोलार्ड और पंड्या ब्रदर्स वहां इंजन रूम थे। मैं कीरोन पोलार्ड को बहुत पसंद करता हूं। वह शानदार इंसान हैं। उन्होंने कई ट्रॉफी और मैच जीते हैं। जैसा कि वह कहते हैं, आप अच्छे इंसान को नीचे नहीं रख सकते।पोलार्ड 2010 में मुंबई इंडियंस से जुड़े थे और उसी के साथ खिताबी जीत में भी शामिल रहे हैं। पंड्या और क्रुणाल दोनों भाइयों ने टीम को मिडिल और डेथ ओवर्स में ऑलराउंड संतुलन प्रदान किया। पोलार्ड और पंड्या ब्रदर्स ने मिलकर मुम्बई टीम को निचले मध्य क्रम में बेहतर बल्लेबाज दिये थे। गिरजा/ ईएमएस 11 मई 2026