राज्य
11-May-2026
...


- कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी, कांडला एयरपोर्ट क्षेत्र में 45.2 डिग्री पर पहुंचा पारा, अहमदाबाद में 43.3 अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में इस समय गर्मी अपने चरम पर पहुंच चुकी है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, आगामी चार दिनों तक राज्य में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पश्चिमी हवाओं के प्रभाव के कारण कई शहरों में तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 मई से 17 मई तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। कई क्षेत्रों में तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग ने 11 मई से 14 मई तक चार दिनों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी की है। खास तौर पर सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में गर्मी का असर अधिक देखने को मिलेगा। कच्छ और सुरेंद्रनगर जिलों में अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं द्वारका, राजकोट, बोटाद, जूनागढ़, अमरेली सहित उत्तर और मध्य गुजरात के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बनासकांठा, पाटन, गांधीनगर, आनंद, भरूच, सूरत और अहमदाबाद जैसे क्षेत्रों में भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने कहा है कि दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। राज्य के तटीय इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। उत्तर गुजरात के समुद्री तटों पर पश्चिम से उत्तर-पश्चिम दिशा की हवाएं चलने की संभावना है, जबकि दक्षिण गुजरात में उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर तेज हवाएं बहेंगी। हवा की रफ्तार 15 से 20 नॉट तक रह सकती है, जो कुछ स्थानों पर बढ़कर 25 नॉट तक पहुंच सकती है। अहमदाबाद में सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राज्य में सबसे अधिक तापमान कंडला एयरपोर्ट पर दर्ज किया गया, जहां पारा 45.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह सामान्य तापमान से 4.2 डिग्री अधिक है। इसके अलावा सुरेंद्रनगर में 45 डिग्री, सूरत में 41.7 डिग्री, अहमदाबाद में 43.3 डिग्री और गांधीनगर में 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पांच स्थानों पर हीटवेव की स्थिति दर्ज की गई है। इनमें सूरत, पोरबंदर, केशोद, कंडला एयरपोर्ट और सुरेंद्रनगर शामिल हैं। लगातार बढ़ती गर्मी और लू के चलते स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को धूप से बचने के निर्देश दिए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की जरूरत है। सतीश/11 मई