राज्य
11-May-2026


* रस्सी टूटने से 70 फीट गहरे कुएं में गिरा मजदूर, नीचे काम कर रहे श्रमिक पर गिरने से दोनों की मौके पर मौत गिर सोमनाथ (ईएमएस)| गुजरात के गिर सोमनाथ जिले की ऊना तहसील के उमेज गांव की सीमा में कुआं गहराई करने के काम के दौरान हुए भीषण हादसे में दो मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया है। जानकारी के अनुसार गिर सोमनाथ जिले की ऊना तहसील के उमेज गांव स्थित करणसिंह डोलुभा वाला की वाड़ी में नांदरख गांव के करीब पांच मजदूर पिछले कई दिनों से कुआं गहरा करने का कार्य कर रहे थे। सोमवार सुबह काम के दौरान कला तेजाभाई सोलंकी कुएं के बाहर खड़े होकर रस्सी की मदद से खंभा खींच रहे थे। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई और वह करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरे। उस समय कुएं के अंदर प्रेमजी गोविंदभाई बांभणिया, कानजी राणाभाई चौहान, सकुर मालाभाई बांभणिया और सिद्धराज बचुभाई गोहिल काम कर रहे थे। ऊपर से गिरते हुए कला सोलंकी सीधे प्रेमजी बांभणिया के ऊपर जा गिरे। हादसा इतना भयावह था कि दोनों को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस दर्दनाक दृश्य को देखकर कुएं में मौजूद अन्य मजदूर घबरा गए और शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और अन्य श्रमिकों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को उपचार के लिए ऊना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए ऊना सरकारी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। सतीश/11 मई