राष्ट्रीय
11-May-2026
...


-राहुल गांधी भी मजाकिया अंदाज में बोले- आप मेरे निवेशों पर रिटर्न में तेजी लाएं नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष के इन्वेस्टमेंट एडवाइजर मुथुकृष्णन धंदापानी ने राहुल गांधी की छवि को लेकर बड़ा खुलासा किया। उन्होंने अंदेशा जताया कि इससे उनका राहुल गांधी से रिश्ता टूट सकता है लेकिन इसके उलट कांग्रेस सांसद ने मजाकिया अंदाज में उन्हें जवाब देते हुए कहा कि आप मेरे निवेशों पर रिटर्न में तेजी लाएं। धंदापानी ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि मैं कोई व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने जा रहा हूं। मैं बस यह बताना चाहता हूं कि धारणा वास्तविकता से कितनी अलग होती है। यह किसी राजनीतिक दल या नेता का समर्थन करने के लिए नहीं है। मेरा मतलब चीजें वैसी नहीं हैं जैसी दिखती हैं। उन्होंने कहा कि 2013 में, मेरे एक ग्राहक जो राहुल गांधी के लिए प्रोफेशनल रूप से काम कर रहे थे। उन्होंने राहुल गांधी को अपने म्यूचुअल फंड निवेशों को संभालने के लिए मेरा नाम सुझाया। 2013 में जब यूपीए-2 की सरकार थी, तब से लेकर आज तक, जब विजय ने कांग्रेस के समर्थन से शपथ ली, राहुल गांधी म्यूचुअल फंड निवेशों के लिए मेरे ग्राहक बने हुए हैं। धंदापानी ने कहा कि हमने कई ईमेल का आदान-प्रदान किया है और कई बार फोन पर बात भी की है। मुथुकृष्णन ने कहा कि जैसा कि आप जानते हैं मैं 2014 से 2024 तक नरेन्द्र मोदी का प्रबल समर्थक रहा हूं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुथुकृष्णन धंदापानी ने आगे कहा कि राहुल या उनके कार्यालय के कर्मचारियों ने कभी भी इस विषय को मेरे सामने नहीं उठाया। मेरा मानना है कि मेरे ट्वीट उनके कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से देखे जाते हैं। वे मेरी प्रोफेशन सर्विस और राजनीतिक विचारों के बीच स्पष्ट रूप से अंतर समझते हैं। धंदापानी ने कहा राहुल गांधी हर बातचीत में उनसे सम्मानपूर्वक बात करते हैं। उन्होंने कहा कि इस पोस्ट की वजह से हो सकता है कि राहुल गांधी प्रोफेशनल संबंध तोड़ दें, लेकिन कोई बात नहीं, एक दिन किसी न किसी चीज का अंत तो होना ही है। वहीं अपने इन्वेस्टमेंट एडवाइजर धंदापानी की पोस्ट पर रिएक्शन देते हुए राहुल गांधी ने मजाकिया लहजे में कहा कि मुथु जी, आपके राजनीतिक विचार आपके अपने हैं, लेकिन कृपया मेरे निवेशों पर रिटर्न में तेजी लाएं। इसके बाद धंदापानी ने कहा कि राहुल गांधी की प्रतिक्रिया से उन्हें सुखद अहसास हुआ। सिराज/ईएमएस 11मई26