क्षेत्रीय
11-May-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन माधवी शाखा द्वारा मातृ दिवस के उपलक्ष्य में ग्राम चंद्रवार स्थित गोशाला में गौमाता के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर गौमाता को चारा, दलिया, हरी सब्जियां, फल आदि खिलाकर गौ माता की सेवा की गई तथा तिलक लगाकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। गौशाला की परिक्रमा भी की गई। तत्पश्चात सुप्रसिद्ध पसीने वाले हनुमान जी के भावपूर्ण दर्शन कर भोग लगाया गया और विश्व शांति की कामना की गई। साथ ही गोशाला में रह रहे बच्चों को ठंडा पेय, बिस्किट एवं प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष कल्पना गर्ग ने कहा कि गौ माता की सेवा सर्वोपरि है इसमें 33 करोड़ देवी देवताओं का वास होता है। महामंत्री रीना गर्ग, कोषाध्यक्ष प्रीति अग्रवाल ने कहा कि सेवा करने से जो आशीर्वाद मिलता है वह केवल इस जन्म में नहीं बल्कि सात जन्म के पापों का नाश करता है। निर्देशिका एवं पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष मधु बंसल ने मदर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां केवल एक शब्द नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग और ममता का अथाह सागर है। मां ही संसार की पहली गुरु और सबसे पवित्र भावना है। मां का कभी अपमान नहीं करना चाहिए चाहे वो अपनी मां हो या सासू मां।वरिष्ठ उपाध्यक्ष मधु गर्ग ने कहा कि मां और गौसेवा दोनों की सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा पुण्य हैं। इस अवसर पर नीरू, राखी, मधु, संतोष, ममता, अनुभा, सरिता, बबीता, अनीता, संगीता, रागिनी, डोली, नीरजा मित्तल, अलका, वीना, मंजू, कविता आदि सदस्याओं ने गौशाला में गौ माता की सेवा करके मदर्स डे मनाया। - ईएमएस फिरोजाबाद