क्षेत्रीय
11-May-2026
...


- दानवीर बने सफल युवा उद्यमी शिवपुरी (ईएमएस)| मध्यप्रदेश शासन की स्वरोजगार योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। ऐसी ही एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी शिवपुरी शहर के निवासी दानवीर पुत्र नवल सिंह की है, जिन्होंने शासन की उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर स्वयं का व्यवसाय स्थापित किया और आज सफल युवा उद्यमी के रूप में अपनी पहचान बना रहे हैं। दानवीर सिंह ने बताया कि शिक्षा ग्रहण करने के दौरान ही उनके मन में स्वयं का रोजगार शुरू करने का विचार आया। कॉलेज शिक्षा पूर्ण करने के बाद उन्होंने नौकरी तलाशने के बजाय स्वरोजगार का रास्ता चुना और किराना व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि ऋण संबंधी जानकारी के लिए वे बैंक ऑफ इंडिया शिवपुरी पहुंचे, जहां बैंक अधिकारी श्री हनी सिंह चौहान ने उन्हें उद्योग विभाग से संपर्क करने की सलाह दी। इसके बाद दानवीर उद्योग विभाग पहुंचे, जहां उन्हें उद्यम क्रांति योजना की जानकारी दी गई। योजना के अंतर्गत उन्होंने आवेदन किया और उन्हें लगभग 4 लाख रुपए तक के ऋण की स्वीकृति मिली। साथ ही शासन द्वारा 3 प्रतिशत ब्याज अनुदान का लाभ भी प्रदान किया गया। अन्नापूर्णा डेली नीड्स बना रोजगार का माध्यम वर्तमान में दानवीर सिंह शिवपुरी के ग्वालियर बायपास क्षेत्र में “अन्नापूर्णा डेली नीड्स” नाम से किराना स्टोर संचालित कर रहे हैं। इस व्यवसाय से उन्हें प्रतिमाह लगभग 50 से 60 हजार रुपए की शुद्ध आय प्राप्त हो रही है। विशेष बात यह है कि उन्होंने अपने व्यवसाय के माध्यम से तीन अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। युवाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश दानवीर सिंह का कहना है कि प्रदेश सरकार युवाओं के हित में बेहतर योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का रोजगार स्थापित करें और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें। उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से जिले के कई युवा स्वरोजगार की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह योजना न केवल युवाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगार प्रदाता बनने के लिए भी प्रेरित कर रही है।