11-May-2026
...


-प्रधानमंत्री बोले- आज वो उस क्षण को जी रहे जो पहले कभी देश के प्रथम राष्ट्रपति ने जीआ होगा अहमदाबाद,(ईएमएस)। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सोमनाथ अमृत महोत्सव में भाग लिया, जहां उन्होंने दिव्य अनुभूति व्यक्त कर कहा कि वे यहां आकर धन्य महसूस कर रहे हैं। यह महोत्सव पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के भक्तों के लिए अपने द्वार खोलने के 75 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी भावनाएं व्यक्त कर प्रधानमंत्री मोदी ने जय सोमनाथ लिखा और बताया कि पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के लोकार्पण की 75वीं वर्षगांठ पर पावनधाम सोमनाथ आकर मन अभिभूत और भावविभोर हो गया है। उन्होंने कहा कि वह आज उस क्षण को जी रहे हैं, जिसका अनुभव भारत के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 1951 में पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण के मौके पर जीआ होगा। उन्होंने इस दिन को भारत की सभ्यतागत यात्रा में एक मील का पत्थर बताया। इस ऐतिहासिक मौके पर भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक्स टीम ने बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक सोमनाथ मंदिर के ऊपर शानदार हवाई करतब दिखाए, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध हो गया। इस मौके प्रधानमंत्री मोदी ने मंदिर में एक विशेष महापूजा में भी हिस्सा लिया। वहीं सोमनाथ पहुंचने से पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने जामनगर से मंदिर तक एक भव्य रोड शो किया। हेलीपैड से वीर हमीरजी सर्कल तक करीब 1.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हजारों लोग उनके स्वागत के लिए उमड़ पड़े। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी भी इस दौरान प्रधानमंत्री के साथ मौजूद थे। समर्थकों ने झंडे लहराए, नारे लगाए, जबकि पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के कलाकारों ने मार्ग में निर्धारित स्थानों पर पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। आशीष दुबे / 11 मई 2026