राज्य
11-May-2026
...


आणंद (ईएमएस)| जिले के तारापुर हाईवे पर आज तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। फतेपुरा गांव के पास गुजरात गैस के सीएनजी पंप के नजदीक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार में आ रहा बाजरा से भरा टेम्पो जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक सभी लोग दाहोद क्षेत्र के मजदूर वर्ग से जुड़े बताए जा रहे हैं। मृतकों में 2 महिलाएं, 1 पुरुष और एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची शामिल हैं। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए तारापुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। - 11 मई