क्षेत्रीय
11-May-2026
...


बीजापुर (ईएमएस)। जिले में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत डोडीतुमनार पटेलपारा पहाड़ी इलाके में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक और हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम डोडीतुमनार के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों ने जमीन के अंदर बंकर बनाकर भारी मात्रा में सामग्री छिपा रखी है। सूचना के आधार पर पुलिस सहायता केंद्र पीडिया और गंगालूर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। सर्चिंग के दौरान पुलिस टीम को जंगल में जमीन के भीतर बनाया गया संदिग्ध बंकर मिला। सुरक्षा जांच और डिमाइनिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद बंकर से बड़ी मात्रा में सामग्री बरामद की गई। बरामद सामान में होंडा कंपनी के दो जनरेटर, दो लेथ मशीन, एक इन्वर्टर, चार बड़ी बैटरियां, एक छोटी बैटरी, आठ सोलर प्लेट, एक मोटर, एक वेल्डिंग मशीन, एक ड्रिल मशीन, एक देशी बीजीएल लॉन्चर, 29 बीजीएल सेल, 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और दो प्लास्टिक ड्रम शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि इन सामग्रियों का उपयोग नक्सली विस्फोटक तैयार करने और तकनीकी उपकरणों के संचालन में करते थे। सुरक्षा एजेंसियां बरामद सामग्री की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह जखीरा किस नक्सली संगठन से जुड़ा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बस्तर संभाग में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हालांकि नक्सली गतिविधियों में कमी आई है, लेकिन जंगलों में पहले से छिपाकर रखी गई विस्फोटक सामग्री और हथियार अब भी खतरा बने हुए हैं। फिलहाल पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। - (ईएमएस) 11 मई 2026