क्षेत्रीय
11-May-2026
...


सारंगपुर (ईएमएस)। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11.75 ग्राम स्मैक, 186 एविल शीशी, 200 इंजेक्शन एवं एक मोटरसाइकिल जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जप्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में स्मैक, एविल शीशी एवं इंजेक्शन जैसे घातक नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि युवा पीढ़ी को इस विनाशकारी नशे से बचाया जा सके। इस अभियान में सामाजिक संस्थाओं एवं समाजसेवियों का सहयोग भी लिया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति अकोदिया नाके पर होंडा मोटरसाइकिल पर नशे का सामान लेकर खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम राजू उर्फ जफर पिता उमर खा मेवाती निवासी गोलावाड़ी, सारंगपुर तथा शादाब पिता मुजीब खान निवासी किला गेट के पास, सारंगपुर बताए। दोनों आरोपियों की गवाहों के समक्ष तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 11.75 ग्राम स्मैक, 186 एविल शीशी, 200 इंजेक्शन एवं एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामग्री विधिवत जप्त कर ली। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे उक्त मादक पदार्थ मुस्तकीम उर्फ पिल्ला पिता चांद खान निवासी कसाई वाडा, सारंगपुर से लेकर आए थे। इसके बाद पुलिस ने मुस्तकीम उर्फ पिल्ला को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले में पूछताछ जारी है तथा मादक पदार्थों के स्रोत की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 393/26 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपीगण — राजू उर्फ जफर पिता उमर खा मेवाती, उम्र 27 वर्ष, निवासी गोलावाड़ी, सारंगपुर। शादाब पिता मुजीब खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी किला रोड, सारंगपुर। मुस्तकीम उर्फ पिल्ला पिता चांद खान, निवासी कसाई वाडा, सारंगपुर। नरेन्द्र जैन/ईएमएस/11/05/2026