गरियाबंद (ईएमएस)। जिले के पोड़ गांव में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहरा गया है। पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, गांव के लोग लंबे समय से पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। गर्मी बढ़ने के साथ ही स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती चली गई। सोमवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बर्तन और बाल्टियां रखकर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन में स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। ग्रामीणों द्वारा किए गए चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा। ग्रामीणों की मांग थी कि गांव में पेयजल संकट का जल्द स्थायी समाधान किया जाए और नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद पाण्डुका थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से जल्द ही पेयजल समस्या के समाधान और आवश्यक व्यवस्थाएं करने का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया। हालांकि ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे फिर आंदोलन करेंगे। - (ईएमएस) 11 मई 2026