भिंड ( ईएमएस ) भिंड के पीएम एक्सीलेंस एमजेएस कॉलेज में जीवाजी विश्वविद्यालय की एमए परीक्षा के पहले ही दिन फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने से हड़कंप मच गया। हिंदी विषय की परीक्षा के दौरान एक युवक दूसरे छात्र की जगह परीक्षा देने पहुंचा था। एडमिट कार्ड और परीक्षार्थी के फोटो में अंतर दिखाई देने पर केंद्राध्यक्ष को संदेह हुआ। जांच में मामला संदिग्ध मिलने पर कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। जानकारी के अनुसार जिलेभर में सोमवार से एमए की परीक्षाएं शुरू हुई हैं। एमजेएस कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शिवम समाधिया नामक छात्र की जगह एक अन्य युवक परीक्षा दे रहा था। परीक्षा कक्ष में दस्तावेजों का मिलान करते समय फोटो मैच नहीं होने पर कॉलेज प्रबंधन सतर्क हो गया और युवक को पकड़ लिया। मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार मोहनलाल शर्मा भी कॉलेज पहुंचे। इसके बाद पुलिस को बुलाकर आरोपी युवक को कोतवाली भेजा गया।