मुरैना ( ईएमएस ) | माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं 7 मई से प्रारंभ हुई थीं। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ के नेतृत्व में मुरैना जिले में बोर्ड परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बी.एस. इंदोलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को हायर सेकेंडरी स्तर पर एनएसक्यूएफ (नेशनल स्किल्स क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क) के समस्त विषयों, शारीरिक शिक्षा एवं एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में कुल 15 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें सभी 15 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इसी क्रम में हाईस्कूल के गणित स्टैंडर्ड एवं गणित बेसिक विषय की परीक्षा भी आयोजित की गई। इस परीक्षा में कुल 5,357 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5,186 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 171 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।