शाजापुर (ईएमएस)। हापा एक्सप्रेस ट्रेन में यात्रा के दौरान अलग-अलग घटनाओं में दो यात्री घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार पहली घटना सोमवार सुबह शाजापुर जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सारंगपुर रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां ट्रेन के गेट पर बैठे एक यात्री का पैर प्लेटफॉर्म से टकरा गया, जिससे उसे दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं। दूसरी घटना आक्या चौहान रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां ट्रेन रुकने पर पानी भरने के लिए नीचे उतरे एक यात्री का पैर अचानक फिसल गया, जिससे वह घायल हो गया। घायलों की पहचान बलिया (उत्तर प्रदेश) निवासी मुक्तिनाथ यादव और गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। ये दोनों यात्री मजदूरी और निजी कंपनी में काम करने के सिलसिले में अहमदाबाद जा रहे थे। फिलहाल, दोनों यात्रियों का शाजापुर जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। ईएमएस / 11/05/2026