शाजापुर (ईएमएस)। नेशनल हाईवे-52 पर देर रात एक अज्ञात ट्रक ने गेहूं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें भरा करीब 40 क्विंटल गेहूं सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 1 बजे ग्राम टुकराना निवासी ट्रैक्टर चालक मदनलाल पिता सिद्धूनाथ अपने गांव से गेहूं लेकर सुनेरा स्थित उपार्जन केंद्र जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे चालक मदनलाल को चोटें आईं। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। ईएमएस / 11/05/2026