- 44 डिग्री की भीषण गर्मी में सड़क पर उतरी मातृशक्ति, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री के खिलाफ भरी हुंकार शाजापुर (ईएमएस)। जिले को नशा मुक्त बनाने और युवा पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाने के लिए मातृशक्ति ने अब सीधा मोर्चा खोल दिया है और 44 डिग्री की भीषण गर्मी, तेज धूप की परवाह किए बिना, भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत के तत्वावधान में सैकड़ों महिलाओं ने शहर में एक विशाल रैली निकाली। सोमवार को मातृशक्ति ने रैली के बाद मुख्यमंत्री, कलेक्टर और जिला पुलिस अधीक्षक के नाम डिप्टी कलेक्टर आलोक वर्मा को ज्ञापन सौंपा तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास खुलेआम बिक रहे नशीले पदार्थों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से मातृशक्ति ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि शहर व आसपास के क्षेत्रों में स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और आवासीय बस्तियों के निकट तंबाकू, सिगरेट, शराब, गांजा, चरस और वाइटनर जैसे मादक पदार्थों की अवैध बिक्री तेजी से बढ़ रही है। इसका सीधा असर नाबालिग विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ रहा है, जिससे अपराध बढ़ रहे हैं और गरीब परिवार आर्थिक रूप से टूट रहे हैं। महिलाओं ने प्रशासन से मांग की है कि कोटपा एक्ट की धारा 6 के तहत शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वालों के लाइसेंस रद्द किए जाएं। साथ ही, एनडीपीएस एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत विशेष छापामार अभियान चलाकर अवैध विक्रेताओं पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित हो। इसके अलावा पुलिस गश्त बढ़ाने और स्कूलों में गोपनीय शिकायत तंत्र स्थापित करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मालवा प्रांत महिला संयोजिका वैशाली मालवीय ने शाजापुर को नशा मुक्त बनाने पर जोर दिया और संगठन की मजबूती के लिए नई जिम्मेदारियां भी सौंपीं। इनमें शुजालपुर तहसील संयोजिका प्रीति पाटीदार, सह-संयोजिका रेखा पाटीदार, शाजापुर महिला संयोजिका सीमा मंडलोई, आशा परमार, सह-संयोजिका कल्पना पाटीदार को नए दायित्व दिए गए। इस प्रदर्शन में सह संगठन मंत्री दिनेश शर्मा, जिला अध्यक्ष सवाई सिंह सिसोदिया, जिला महिला सह-संयोजिका हेमा नागर, संभाग सदस्य राजबहादुर, जिला मंत्री मुकेश पाटीदार सहित जिले भर से आई सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं। उक्त जानकारी जिला प्रचार प्रमुख भारत नाहर ने दी। ईएमएस / 11/05/2026