- 7 दिन में आदेश नहीं निकले तो होगा उग्र आंदोलन शाजापुर (ईएमएस)। जिले के शिक्षकों को 35 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर मिलने वाले चतुर्थ क्रमोन्नत वेतनमान का लाभ अब तक नहीं मिल सका है। इस प्रशासनिक लेटलतीफी से आक्रोशित प्रमुख पेंशनर्स एसोसिएशन जिला शाजापुर ने सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 7 दिवस के भीतर क्रमोन्नति की कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री एवं जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह पंवार ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन ने 1 जुलाई 2023 से उन सभी शिक्षकों को चतुर्थ क्रमोन्नति देने का आदेश जारी किया था, जिनका 35 वर्ष का सेवाकाल पूर्ण हो चुका है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में इसके आदेश जारी हो गए हैं और प्रक्रिया निरंतर चल रही है। इसके विपरीत, शाजापुर जिले में अब तक आदेश जारी नहीं होने से शिक्षकों में भारी रोष व्याप्त है। ऐसे में पात्रता के बावजूद लाभ न मिलने पर एसोसिएशन के पदाधिकारी 11 मई 2026 को दोपहर 1 बजे डीईओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से प्रत्यक्ष भेंट कर इस ज्वलंत मुद्दे पर ध्यानाकर्षण कराया और जल्द आदेश जारी करने की मांग रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान एसोसिएशन के जिला संरक्षक राजेंद्र शर्मा, संतोष संचान, जिला महामंत्री त्रिलोकचंद्र भालोट, जिला सचिव कीरत सिंह बुंदेला, जिला उपाध्यक्ष शिवाजी सोनी, अनिल शर्मा, अजय पोल सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स साथी उपस्थित रहे। ईएमएस / 11/05/2026