- निगमायुक्त ने सड़कों पर उतरकर देखी सफाई, अफसरों को दिए सख्त निर्देश - मंडियों और चौराहों का किया दौरा; कूड़ा प्रबंधन और शौचालयों की स्थिति सुधारने को कहा :: इंदौर (ईएमएस)। स्वच्छता के शिखर पर इंदौर का स्थान बरकरार रखने के लिए नगर निगम ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को परखने के लिए सोमवार को निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर के विभिन्न हिस्सों का सघन दौरा किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था को बारीकी से देखा और अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण की गाइडलाइन के अनुसार सभी कार्य समय-सीमा में पूरे किए जाएं। इस दौरान अपर आयुक्त प्रखर सिंह और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी साथ रही। आयुक्त ने चोइथराम सब्जी मंडी, फ्रूट मंडी, राजकुमार ब्रिज और रीगल चौराहे जैसे प्रमुख क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़कों और चौराहों पर स्वच्छता के साथ-साथ फ्लाईओवरों के नीचे हरियाली विकसित करने और रंगाई-पुताई का काम जल्द पूरा किया जाए। आयुक्त ने दोटूक कहा कि शहर की सुंदरता और सफाई मानकों में किसी भी तरह की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। :: कचरा केंद्रों की व्यवस्था सुधारने पर जोर :: कबीटखेड़ी और राजकुमार ब्रिज के पास स्थित कचरा केंद्रों (3-आर सेंटर) के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सफाई व्यवस्था पर असंतोष जताया। उन्होंने अफसरों को हिदायत दी कि इन केंद्रों और एमआरएफ प्लांट पर कचरे के निपटारे का काम सुचारू रूप से चलता रहना चाहिए। साथ ही उन्होंने शहर के सार्वजनिक शौचालयों (सीटी-पीटी) के रखरखाव और वहां नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। :: मैदान में दिखेगी मुस्तैदी :: निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निजी स्कूलों में दिव्यांगजनों के लिए बने शौचालयों और व्यावसायिक इलाकों में कचरा प्रबंधन की इकाइयों की भी जांच की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का लक्ष्य केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि जमीन पर आम जनता को इसका लाभ दिखे। प्रशासन की कोशिश है कि जन-भागीदारी और मैदानी कर्मचारियों की मुस्तैदी के जरिए इंदौर एक बार फिर स्वच्छता का गौरव हासिल करे। प्रकाश/11 मई 2026