- चोर सूने घर की छत पर चढक़र चोरी करने का कर रहे थे प्रयास, एक गिरफ्तार अशोकनगर (ईएमएस)। कोतवाली थाना पुलिस की सतर्कता से एक सूने घर में होने जा रही चोरी की वारदात नाकाम हो गई। पुलिस ने एक सूने मकान में चोरी करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बदमाशों को पकड़ा। जानकारी के अनुसार, रविवार (10-11 मई) रात प्रधान आरक्षक लखन खटीक मंदसौर मिल क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक सूने मकान के बाहर से एक संदिग्ध युवक भागता हुआ दिखाई दिया। शक होने पर उन्होंने मकान के पास जाकर देखा तो छत से एक साड़ी लटक रही थी और अंदर से आवाजें आ रही थीं। उन्होंने तत्काल वायरलेस सेट से सूचना प्रसारित की। घटनास्थल थाना प्रभारी के नजदीक होने के कारण निरीक्षक रवि प्रताप सिंह चौहान तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के गश्ती पॉइंट्स को भी बुलाया। पड़ोसी के घर से सीढ़ी की व्यवस्था कर उपनिरीक्षक पुनीत दीक्षित और प्रधान आरक्षक जितेंद्र राजे मकान के अंदर दाखिल हुए। पुलिस टीम ने मकान के अंदर छिपे बैठे एक आरोपी को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान शंकर कॉलोनी, अशोकनगर निवासी रामवीर कुशवाह के रूप में हुई। वहीं, उसका साथी मंदसौर मिल निवासी कल्लू कुशवाह पुलिस को देखकर भाग निकला। फरार होते समय वह एक बाइक, टीवी और गैस सिलेंडर मौके पर ही छोड़ गया। फरार आरोपी पर पांच हजार का इनाम: पुलिस ने आरोपी रामवीर के कब्जे से बाइक और टीवी जब्त कर लिया है। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। फरार आरोपी कल्लू कुशवाह की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने 5 हजार रुपए के नगद इनाम की घोषणा की है। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुंवंशी/ 11 मई 2026