क्षेत्रीय
11-May-2026
...


- गढ़ी थाना पुलिस ने की कार्यवाही बालाघाट (ईएमएस). जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। गढ़ी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 57 लीटर अंग्रेजी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 04 एच 3606 को जब्त किया है। जब्त सामग्री की कीमत लगभग 1 लाख 64 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 10 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बैहर की ओर से एक चौपहिया वाहन में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम खुशीपार खजरा तिराहा में वाहन चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान सिल्वर रंग की कार का चालक पुलिस को देखकर तेज रफ्तार से गांव की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन का पीछा किया, लेकिन आरोपी चालक पुलिस से बचने के लिए वाहन को गांव के बाहर खेत में छोडकऱ अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर कार से 7 कार्टून में रखी 57.240 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 63 हजार 918 रुपये आंकी गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब एवं वाहन सहित 1 लाख 64 हजार रुपये की सामग्री जब्त कर ली है। इस मामले में थाना गढ़ी में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश कुमरे, सउनि. चंदनलाल तैलासे, आरक्षक नागवेन्द्र पाण्डे, शुभम सेन, मोहित, अवधेश कुशवाह, एसएसयू याशु एवं तोशन की सराहनीय भूमिका रही। भानेश साकुरे / 11 मई 2026