क्षेत्रीय
11-May-2026
...


- मर्ज हुए 14 स्कूलों छात्रों और अभिभावकों ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन अशोकनगर (ईएमएस)। जिले में 14 सरकारी स्कूलों को सीएम राइज (सांदीपनी) स्कूल में मर्ज कर बंद करने के फैसले का विरोध हो रहा है। सोमवार को छात्रों, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर स्कूल बंद करने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया कि शिक्षा के अधिकार कानून के तहत यह सुनिश्चित किया गया था कि स्कूल बच्चों की पहुंच के भीतर हों। इसी आधार पर 1 किलोमीटर पर प्राथमिक, 3 किलोमीटर पर माध्यमिक और 5 किलोमीटर पर हाईस्कूल स्थापित किए गए थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अब नई शिक्षा नीति-2020 के तहत सीएम राइज स्कूलों के नाम पर इन विद्यालयों को बंद किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने शशींद्र राणा चौराहा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 का उदाहरण दिया, जहां लगभग 800 बच्चे पढ़ते हैं। इनमें से अधिकांश मजदूर और किसान परिवारों से आते हैं। यदि यह स्कूल बंद होता है, तो इन बच्चों को पढ़ाई के लिए 9 किलोमीटर दूर शंकरपुर टोरिया स्थित सांदीपनी विद्यालय जाना पड़ेगा, जो सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण है। प्रशासन द्वारा जारी सूची में मोहरी गांव, भौराकाछी और कन्या माध्यमिक विद्यालय सहित कुल 14 स्कूलों को बंद करने की तैयारी है, जिनमें 5 हजार से अधिक छात्र पढ़ते हैं। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूलों को बंद करने की कार्रवाई नहीं रोकी गई, तो जिलेभर में आंदोलन किया जाएगा। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 11 मई 2026