अशोकनगर (ईएमएस)। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्यों की समीक्षा हेतु मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाईज कार्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ केपी यादव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अधिकारियों का परिचय प्राप्त किया गया। तत्पश्चात उपार्जन केन्द्रों पर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, बारदाने की उपलब्धता, परिवहन व्यवस्था, भंडारण तथा किसानों को भुगतान की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अध्यक्ष श्री यादव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं समय-सीमा में संपन्न कराए जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उपार्जन केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने प्रत्येक खरीदी केंद्र पर 6 तौल कांटे मय सत्यापन के संचालित कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीदीं केन्द्रों पर उपार्जन संबंधी सूचनाओं का बैनर लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय उचित मूल्य दुकानों के संचालन, खाद्यान्न का उठाव एवं वितरण की जानकारी ली तथा आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अध्यक्ष ने परिवहन एवं भंडारण एजेंसियों को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि खरीदे गए अनाज का समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से उपार्जन कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि जिले के विभिन्न उपार्जन केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है। अब तक निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपार्जन किया जा चुका है तथा शेष कार्य भी तेजी से जारी है। बैठक में कलेक्टर साकेत मालवीय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राजेश जैन, अपर कलेक्टर डीएन सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी, नागरिक आपूर्ति निगम, कृषि, विपणन संघ, खाद्य, सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि, समिति प्रबंधक एवं उपार्जन कार्य से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे। ईएमएस/ओमप्रकाश रघुवंशी/ 11 मई 2026